
वन मंत्री केदार कश्यप ने बोटीकनेरा, हड़ेली और कुधूर में किया भूमिपूजन; सड़क, छात्रावास और बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार
रायपुर। वन मंत्री केदार कश्यप ने कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोटीकनेरा, हड़ेली और कुधूर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर 12 करोड़ 47 लाख 75 हजार रुपये की लागत वाले 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, 100 बिस्तरीय छात्रावास भवन, आहाता निर्माण, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और सोलर हाई मास्ट लाइट की स्थापना शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
माओवाद से मुक्ति के बाद दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा विकास
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी और शांति का वातावरण बनने के बाद दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। पहले जिन इलाकों में भय और नक्सल गतिविधियों के कारण अधिकारी-कर्मचारी नहीं पहुंच पाते थे, आज वहां प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका निराकरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर को विकसित एवं समृद्ध संभाग बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। शासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने क्षेत्र को नक्सलवाद से मुक्त कराने में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के योगदान की भी सराहना की।
बोटीकनेरा में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और अन्य सुविधाओं का भूमिपूजन
ग्राम बोटीकनेरा में कुल 72.50 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत ग्राम पंचायत बोटीकनेरा में 10 लाख रुपये की लागत से पांच दुकानों वाले व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को व्यवसाय और स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
इसके अलावा ग्राम पंचायत हसलनार के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में 14.50 लाख रुपये की लागत से 234 मीटर आहाता निर्माण तथा व्यापार सह केंद्र गोदाम के सामने 6 लाख रुपये की लागत से सोलर हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी।
ग्राम पंचायत मर्दापाल के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में 15 लाख रुपये की लागत से 243 मीटर आहाता निर्माण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने 6 लाख रुपये की लागत से सोलर हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। इसी तरह ग्राम पंचायत मयूरडोंगर के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में 15 लाख रुपये की लागत से 243 मीटर आहाता निर्माण तथा ग्राम पंचायत बड़ेकुरुषनार के पटेलपारा में 6 लाख रुपये की लागत से सोलर हाई मास्ट लाइट की स्थापना की जाएगी।
सड़क संपर्क और छात्रावास सुविधा का होगा विस्तार
ग्राम हड़ेली में 687.78 लाख रुपये की लागत से खोड़सानार-पदेली-हड़ेली मार्ग पर पुल-पुलियों सहित 5.975 किलोमीटर लंबी डामरीकृत सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के बनने से आसपास के गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
वहीं, ग्राम कुधूर में 271 लाख रुपये की लागत से 100 बिस्तरीय छात्रावास भवन का निर्माण विद्युतीकरण सहित किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत जोड़ेंगा में 216.47 लाख रुपये की लागत से पोहमार से जोड़ेंगा तक 1.92 किलोमीटर लंबी डामरीकृत सड़क का निर्माण पुल-पुलियों सहित किया जाएगा।
कलेक्टर ने दूरस्थ क्षेत्रों में बदलते हालात को बताया विकास का संकेत
कोण्डागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और सहयोग से कुधूर जैसे दूरस्थ क्षेत्र में 100 सीटर छात्रावास निर्माण का कार्य आगे बढ़ सका है। उन्होंने बताया कि कभी भय और नक्सलवाद के कारण पहुंच से दूर रहे कुधूर में अब जिला स्तरीय समय-सीमा की बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें जिला स्तर के अधिकारी दो से तीन घंटे तक उपस्थित रहकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने इसे नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्ति के बाद क्षेत्र में आए बदलाव और भयमुक्त वातावरण का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
इन विकास कार्यों के भूमिपूजन से कोण्डागांव जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, रोशनी और स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ा है।
















