
बालोद में 138 किलो से अधिक गांजा जब्त, कीमत करीब 70 लाख रुपये; सुकमा में 25 किलो से ज्यादा गांजे के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर पकड़े गए
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने दो जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बालोद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से 138 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, सुकमा जिले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को 25 किलो से अधिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है।
सुकमा में ओडिशा से आ रहे तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुकमा में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से तीन लोग मोटरसाइकिल और स्कूटी के जरिए गांजा लेकर सुकमा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके ट्रॉली बैग से 12 पैकेट में रखा 25 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बालोद में 70 लाख रुपये का गांजा जब्त
वहीं, बालोद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 138 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
















