
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में खेलेंगी दोनों खिलाड़ी, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई
रायपुर । छत्तीसगढ़ की दो होनहार महिला क्रिकेट खिलाड़ियों महक नरवासे और पलक सिंह का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों के चयन पर बधाई देते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और खुशी का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि महक और पलक ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण से प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मेहनत और अनुशासन का मिला परिणाम
वित्त मंत्री ने कहा कि भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बनाना दोनों खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मजबूत संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि छत्तीसगढ़ में उभरती खेल प्रतिभाओं की क्षमता और संभावनाओं को दर्शाती है।
युवा खिलाड़ियों के लिए बनेंगी प्रेरणा
चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। महक नरवासे और पलक सिंह का चयन प्रदेश की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उनकी सफलता से खेल के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रशिक्षकों और परिजनों को भी दी बधाई
वित्त मंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के प्रशिक्षकों, परिवारजनों और उनके खेल सफर में सहयोग देने वाले सभी लोगों को भी बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में अच्छा प्रदर्शन कर भारतीय टीम की सफलता में योगदान देंगी और देश के साथ छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी। साथ ही उन्होंने दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















