रायपुर में अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराई, महिला की मौत; 3 गंभीर

0
234

मंदिर हसौद के छेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर देर रात हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे


रायपुर । राजधानी रायपुर में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के छेरीखेड़ी स्थित ओवरब्रिज पर हुआ। दुर्घटना में कार सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 04 NW 7718 में सवार चार लोग नया रायपुर से रायपुर शहर की ओर लौट रहे थे। छेरीखेड़ी ओवरब्रिज के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चारों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान शिवानी ठाकुर के रूप में हुई है।

हादसे में अनंत, प्रखर और सेजल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने कार कब्जे में लेकर शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार के अनियंत्रित होने की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here