
जगदलपुर बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर आम लोगों के कनेक्शन कटने की खबरें तो सामने आती रहती हैं, लेकिन जगदलपुर में बकाया बिल को लेकर एक सरकारी दफ्तर पर ही कार्रवाई हो गई। करीब 75 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया होने पर लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के डिवीजन और उप डिवीजन कार्यालय का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
कनेक्शन कटते ही पूरे कार्यालय में अंधेरा छा गया और कामकाज भी प्रभावित हुआ। हालात ऐसे रहे कि SDO को अंधेरे कमरे में बैठना पड़ा, जबकि कई कर्मचारी बिजली बहाल होने के इंतजार में कार्यालय के बाहर खड़े नजर आए।
लंबे समय से जमा नहीं हुआ था बिल
जानकारी के मुताबिक, PWD राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवीजन और उप डिवीजन कार्यालय पर विद्युत कंपनी का करीब 75 हजार रुपये का बिल लंबे समय से बकाया था। भुगतान नहीं होने पर कंपनी ने नोटिस और वसूली अभियान के तहत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की।
बिजली कटने के बाद दफ्तर का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। SDO ए.के. कुंजाम ने बताया कि बिजली आपूर्ति जल्द ही बहाल हो जाएगी।
सरकारी विभागों पर भी बिजली कंपनी की सख्ती
विद्युत कंपनी जगदलपुर शहरी संभाग के कार्यपालन अभियंता एनआर भगत ने बताया कि बकाया बिजली बिलों के भुगतान के लिए संबंधित सरकारी विभागों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि चल रहे डिस्कनेक्शन अभियान के तहत ही राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय का कनेक्शन काटा गया है।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों पर लंबित बिजली बिलों को लेकर विद्युत कंपनी की सख्ती सामने आई है। छत्तीसगढ़ में इससे पहले भी बकाया भुगतान के चलते कई सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शन काटे जाने की खबरें सामने आ चुकी हैं।
बिजली बहाल होने का इंतजार करते रहे कर्मचारी
कनेक्शन कटने के बाद अधिकारी और कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहे। विद्युत कंपनी की ओर से बकायादार सरकारी विभागों से लंबित राशि जल्द जमा करने की अपील की गई है।
अब विभाग के सामने बकाया बिल का भुगतान कर बिजली कनेक्शन जल्द बहाल कराने की चुनौती है।
















