
91 हजार 614 किसानों ने बेचा धान, 26 नवंबर को एक ही दिन में हुई 82 हजार 746 मीट्रिक टन खरीदी; प्रदेश में संचालित हैं 2,590 उपार्जन केंद्र
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान जारी है। प्रदेश में 26 नवंबर तक कुल 4 लाख 43 हजार 888 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। अब तक 91 हजार 614 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं। वहीं, 26 नवंबर को एक ही दिन में 82 हजार 746 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई।
2,590 केंद्रों में हो रही धान खरीदी
प्रदेश में किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में कुल 2,590 केंद्रों में धान की आवक हो रही है। सरकार के अनुसार, समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
टोकन तुंहर हाथ एप से घर बैठे मिल रहा टोकन
किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टोकन प्रणाली लागू की गई है। इसके माध्यम से किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप पर घर बैठे ही धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और इंतजार से राहत मिल रही है।
प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदी, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल दर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।















