
रायपुर । छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। जशपुर जिले के पांच गांवों में ईसाई पादरियों और धर्म प्रचारकों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। इस कड़ी में आदिवासी बहुल जबला गांव पांचवां गांव बन गया है, जहां ग्रामसभा ने धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों के लिए पादरियों और पादरियों के साथ आने वाले धार्मिक प्रतिनिधियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में इस तरह का यह पहला मामला बताया जा रहा है।
ग्रामसभा के फैसले के बाद गांव के बाहर लगाया बोर्ड
शुक्रवार को आयोजित ग्रामसभा की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद गांव के प्रवेश द्वार पर सूचना बोर्ड भी लगाया गया। बोर्ड में धर्मांतरण के उद्देश्य से आने वाले पादरियों, पुजारियों और ननों के प्रवेश पर रोक की जानकारी दी गई है।
इस बोर्ड में संविधान की पांचवीं अनुसूची और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम, 1996 यानी पेसा कानून का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इन प्रावधानों के तहत उन्हें अपनी पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक व्यवस्था की रक्षा करने का अधिकार प्राप्त है।
धर्मांतरण की कोशिशों का लगाया आरोप
जशपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम के मुताबिक, जबला गांव में उरांव जनजाति की आबादी अधिक है। उन्होंने बताया कि फिलहाल गांव में किसी के ईसाई धर्म अपनाने की जानकारी नहीं है, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि झारखंड से आई एक महिला मजदूर ने गांव में रहकर कुछ अन्य मजदूरों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित करने की कोशिश की।
जशपुर की भाजपा विधायक रायमुनी भगत ने भी ग्रामीणों की शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि गांव में पादरियों और ननों के आने तथा धर्मांतरण की कोशिशों के आरोप सामने आए थे। उनके मुताबिक, पांचवीं अनुसूची के तहत आने वाले गांवों को अपनी परंपराओं और संस्कृति की रक्षा करने का अधिकार है।
ईसाई आदिवासी महासभा ने फैसले पर जताई आपत्ति
ग्रामसभा के इस फैसले का ईसाई आदिवासी महासभा ने विरोध किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने इसे आदिवासी समाज को धार्मिक आधार पर बांटने वाला कदम बताया। उनका कहना है कि आदिवासी समुदाय के लोगों को संविधान के तहत अपनी पसंद का धर्म अपनाने और उसका पालन करने का अधिकार है।
उन्होंने दावा किया कि जशपुर में करीब दो लाख ईसाई आदिवासी रहते हैं। संगठन ने इस मामले को लेकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा है। महासभा का कहना है कि पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून का उद्देश्य आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना है, न कि उनके धार्मिक अधिकारों को सीमित करना।
बस्तर में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों में इस तरह के प्रतिबंध पहले भी चर्चा में रहे हैं। जुलाई 2014 में बस्तर के पांच आदिवासी गांवों की ग्रामसभाओं ने गैर-हिंदुओं की धार्मिक गतिविधियों और प्रार्थना सभाओं पर रोक लगाने संबंधी प्रस्ताव पारित किए थे।
मार्च 2023 में बस्तर के रानसरगीपाल गांव में बाहरी त्योहारों के आयोजन पर रोक, धार्मिक गतिविधियों के लिए अनुमति और ईसाई समुदाय के लोगों के अंतिम संस्कार को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया था। वहीं, इसी साल अक्टूबर में सुकमा जिले के पूनपल्ली गांव में पादरियों के प्रवेश पर रोक लगाने वाला बोर्ड लगाया गया था।
कांकेर जिले में भी पिछले साल कई गांवों में पादरियों और धर्मांतरित ईसाइयों के प्रवेश पर रोक से जुड़े बोर्ड लगाए गए थे। इन फैसलों के खिलाफ ईसाई संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन और कानूनी कार्रवाई भी की गई है। मामला पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
जशपुर में सामने आए ताजा घटनाक्रम के बाद एक बार फिर आदिवासी परंपराओं की सुरक्षा, ग्रामसभा के अधिकार और नागरिकों की धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज हो गई है।













