बिलासपुर एयरपोर्ट को मिली ऑल वेदर ऑपरेशन की मंजूरी

0
18

मुख्यमंत्री ने बताया विकास की बड़ी उपलब्धि


रायपुर । भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C-ऑल वेदर ऑपरेशंस (IFR) श्रेणी में अपग्रेड करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस फैसले को छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम करार दिया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस स्वीकृति के बाद अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर हर मौसम में विमान संचालन संभव हो सकेगा। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद हवाई सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन को नई गति मिलेगी। यह निर्णय औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री साय ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है, जो राज्य को विकास के नए आयामों तक ले जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि न केवल बिलासपुर एयरपोर्ट बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा देगी और राज्य को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here