CBSE का बड़ा फैसला: अब सस्ती होगी कॉपी चेकिंग, री-इवैल्यूएशन फीस में भारी कटौती

0
99

CBSE का बड़ा फैसला: अब सस्ती होगी कॉपी चेकिंग, री-इवैल्यूएशन फीस में भारी कटौती

नई दिल्ली, 17 मई 2026 – केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए उत्तर पुस्तिका सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया की फीस में भारी कमी करने का फैसला लिया है। बोर्ड का कहना है कि नई व्यवस्था से प्रक्रिया पहले से ज्यादा पारदर्शी, आसान और किफायती बनेगी।

सीबीएसई सचिव संजय कुमार ने जानकारी दी कि अब छात्र केवल 100 रुपये में अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं उत्तर पुस्तिका सत्यापन के लिए भी 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि किसी प्रश्न के पुनर्मूल्यांकन के लिए अब सिर्फ 25 रुपये देने होंगे।

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि जांच के दौरान छात्र के अंकों में बढ़ोतरी या संशोधन होता है, तो जमा की गई पूरी फीस वापस कर दी जाएगी।

सीबीएसई के अनुसार पहले स्कैन कॉपी के लिए प्रति विषय 700 रुपये, सत्यापन के लिए 500 रुपये और पुनर्मूल्यांकन के लिए 100 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क लिया जाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्रों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ काफी कम हो जाएगा।

संजय कुमार ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई के लिए छात्रों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि उसे उसके वास्तविक प्रदर्शन से कम अंक मिले हैं।

बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आवेदन प्रक्रिया स्वयं ऑनलाइन पूरी करें और साइबर कैफे या अन्य लोगों पर निर्भर न रहें। स्कैन कॉपी सीधे छात्र की लॉगिन आईडी पर उपलब्ध कराई जाएगी, जहां से उसे डाउनलोड किया जा सकेगा।

सीबीएसई ने यह भी बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। छात्र एक या एक से अधिक विषयों के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन आवेदन एक ही बार में करना होगा। यदि छात्र प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह आगे सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया में शामिल हो सकेगा।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला छात्रों के बीच पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

चलती राजधानी एक्सप्रेस में भड़की आग, 15 मिनट में 68 यात्रियों को बचाकर टला बड़ा रेल हादसा

देशभर में EV क्रांति को रफ्तार: PM E-Drive योजना के तहत लगेंगे 4,874 नए चार्जिंग स्टेशन

खर्चों पर सरकार की सख्ती: विदेश यात्राओं पर रोक, वाहन पूलिंग और ई-ऑफिस को बढ़ावा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here