बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक कथा वाचक की अचानक मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान अमरकंटक के पुष्पराजगढ़ निवासी स्वामी राजेश्वरानंद (52) के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ वर्षों से जयपाल टावर स्थित एक फ्लैट में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च की सुबह वे रोज की तरह टहलने के लिए बृहस्पति बाजार गए थे। वहां से लौटने के लिए उन्होंने एक ऑटो चालक को फोन किया और अपने फ्लैट पहुंच गए।
कुछ देर बाद उनसे मिलने कुछ लोग फ्लैट पहुंचे, तभी वे अचानक कमरे में बेहोश होकर गिर पड़े। मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

























