रायपुर । रायपुर रेंज पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी करने वाले 6 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से पकड़े गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग 115 थाना और साइबर सेल में मामले दर्ज हैं।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई। अलग-अलग 5 प्रकरणों में आरोपियों ने लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की थी।
पहले मामले में खमारडीह थाना क्षेत्र के विरल कुमार पटेल से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी विपुल पाटने को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी फर्जी कंपनी यूनिक इंटरप्राइजेज के नाम से बैंक खाते खोलकर ठगी की रकम हासिल करता था। उसके खातों से जुड़े 69 थानों में शिकायत दर्ज है।
दूसरे मामले में पंडरी थाना क्षेत्र के अंचित कुमार सिन्हा से 30 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस प्रकरण में छिंदवाड़ा निवासी शोएब अख्तर को गिरफ्तार किया गया, जो एसएस फ्रूट नामक फर्जी कंपनी के जरिए धोखाधड़ी करता था। आरोपी के खातों से जुड़े 16 मामलों की जानकारी सामने आई है।
तीसरे मामले में आमानाका थाना क्षेत्र के राहुल कुमार से 46 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में इंदौर निवासी पूनमचंद्र वर्मा और कल्लू मंसूरी को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खातों से जुड़े 26 थानों में रिपोर्ट दर्ज है।
चौथे मामले में तेलीबांधा थाना क्षेत्र की केयूरी मजीथीया से ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी की गई। इस प्रकरण में पन्ना निवासी सुहैल अहमद को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ केरल में भी मामला दर्ज है।
पांचवें मामले में उरला थाना क्षेत्र के खेमचंद पटेल से शेयर ट्रेडिंग में अत्यधिक लाभ का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में सीहोर निवासी जयंत अहिरवार को गिरफ्तार किया गया, जिसके खिलाफ पंजाब में भी रिपोर्ट दर्ज है।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।























