राष्ट्रपति लूला ने प्रधानमंत्री मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च अवॉर्ड से किया सम्मानित

0
3545

ब्रासीलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त ब्राजील दौरे पर हैं, जहां उन्हें सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। ब्राजील ने मंगलवार को पीएम मोदी को देश की राजकीय यात्रा के दौरान अपने सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस’ से सम्मानित किया। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी के लिए 26वां वैश्विक सम्मान था और 2 जुलाई से शुरू हुई उनकी पांच देशों की यात्रा का तीसरा सम्मान था।

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रासीलिया में भारत-ब्राजील संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा कि रियो और ब्रासीलिया में हमारे गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं मेरे मित्र राष्ट्रपति लुइज इंसियो लूला दा सिल्वा का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। अमेजन की प्राकृतिक सुंदरता और आपकी आत्मीयता दोनों ने हमें मंत्रमुग्ध कर दिया है। राष्ट्रपति द्वारा मुझे ब्राजील के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित किया जाना मेरे लिए ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों के लिए भी अत्यंत गर्व और भावुकता का पल है। मैं इसके लिए उनका, ब्राजील सरकार और ब्राजील के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

उन्होंने कहा कि आज की चर्चाओं के दौरान हमने सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। हमने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। फुटबॉल ब्राजील का जुनून है और क्रिकेट भारत के लोगों का जुनून। बॉल बाउंड्री के पार करें या गोल में डालें, जब दोनों एक ही टीम में हों तो 20 बिलियन की साझेदारी कठिन नहीं है।

पीएम मोदी ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा सहयोग निरंतर बढ़ रहा है। पर्यावरण और क्लीन एनर्जी दोनों देशों की मुख्य प्राथमिकता है। इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आज जो समझौता किया गया है, उससे हमारे ग्रीन गोल को नई दिशा और गति मिलेगी। रक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। हम अपने रक्षा उद्योगों को आपस में जोड़ने के प्रयास जारी रखेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सुपर कंप्यूटर में हमारा सहयोग बढ़ रहा है। यह समावेशी विकास और मानव केंद्रित नवाचार की हमारी एक जैसी सोच का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष ब्राजील में यूपीआई को अपनाने में सहायता करने के लिए सहयोग कर रहे हैं। हमें डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता और अंतर्दृष्टि साझा करने में खुशी होगी। कृषि और पशुपालन क्षेत्र में हमारा सहयोग दशकों पुराना है। अब हम कृषि अनुसंधान एवं खाद्य प्रसंस्करण पर भी मिलकर काम करेंगे। आज जब विश्व तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है, भारत-ब्राजील की यह साझेदारी स्थिरता और संतुलन का एक अहम स्तंभ है। हम एकमत हैं कि सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर हमारी सोच समान है, शून्य सहिष्णुता और शून्य दोहरे मापदंड। हमारा स्पष्ट मत है कि आतंकवाद पर दोहरे मापदंडों का कोई स्थान नहीं है। हम आतंकवाद और आतंकवाद के समर्थकों का कठोर विरोध करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here