अवैध रूप से मजदूरों को बाहर भेजने की कोशिश, दलाल के खिलाफ FIR दर्ज

0
732

महासमुंद । जिले में बिना अनुमति मजदूरों को दूसरे राज्यों में भेजने वाले दलालों पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत श्रम विभाग की कार्रवाई में एक दलाल पकड़ा गया, जो 22 ग्रामीण मजदूरों को अधिक मजदूरी का लालच देकर उत्तर प्रदेश के ईंट भट्ठे में भेजने की तैयारी कर रहा था। बसना थाने में आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है।

16 नवंबर को मिली सूचना के बाद श्रम विभाग की टीम बसना पहुंची। समीर खान नामक व्यक्ति मजदूरों को अग्रिम धन और ऊंची मजदूरी का प्रलोभन देकर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था। टीम ने मौके पर 22 मजदूरों से पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम अनिल चौहान, भवानी चौहान, रेवशंकर चौहान, रायमोती चौहान, गुरूदयाल कंवर और बुटुकवर, ग्राम उमरिया (सरायपाली) निवासी बताया। मजदूरों ने स्वीकार किया कि उन्हें बेहतर मजदूरी दिलाने के नाम पर बाहर ले जाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान श्रम कल्याण निरीक्षक दानेश्वर साहू, सहायक ग्रेड-03 राकेश प्रधान, मुकेश कुमार साहू और लेखापाल हिमालय चंद्राकर मौजूद थे। श्रम उप निरीक्षक बेलारसन बघेल की शिकायत पर थाना बसना में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने साफ किया है कि मजदूरों को बिना अनुज्ञप्ति और पलायन पंजी में नाम दर्ज किए बिना भेजने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here