
गरियाबंद में कार महानदी में गिरी, एक ही परिवार के चार सदस्यों की गई जान; जशपुर में ट्रक और यात्री बस की भिड़ंत में चालक की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीती रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। गरियाबंद जिले में कार के महानदी में गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई। वहीं, जशपुर जिले में ट्रक और यात्री बस के बीच आमने-सामने की टक्कर में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
गरियाबंद: कार महानदी में गिरी, परिवार के चार लोगों की मौत
गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर महानदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौत हो गई। मृतक फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के पसौद गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, परिवार रायपुर से दिवाली मनाकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान टीला एनीकट के पास कार बेकाबू हो गई और सीधे महानदी में गिर गई।
जशपुर: ट्रक और बस की सीधी टक्कर, चालक की मौत
दूसरा हादसा जशपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर कुनकुरी के सलियाटोली में हुआ। यहां पटना से रायपुर आ रही एक यात्री बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।













