इंडक्शन ट्रेनिंग के तहत डिप्टी कलेक्टर्स ने किया रायपुर थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण

0
129

इंडक्शन ट्रेनिंग के तहत डिप्टी कलेक्टर्स ने किया रायपुर थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण

रायपुर, 15 मई 2026 – छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी निमोरा में आयोजित परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत लोक सेवा आयोग से चयनित डिप्टी कलेक्टर्स को पुलिस प्रशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी देने हेतु रायपुर थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रायपुर कमिश्नरेट डॉ. अर्चना झा ने प्रशिक्षणार्थियों को पुलिस एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के बीच समन्वय, एसडीएम के दायित्व, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की भूमिका तथा प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

इसी प्रशिक्षण श्रृंखला के तहत थाना कोतवाली का भ्रमण आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षणार्थी डिप्टी कलेक्टर्स राजेश्वर वर्मा, निधि प्रधान, नंदनी साहू, गौरव चंदेल, रमेश दीवान, लवकेश्वर यादव और सत्येंद्र कुमार बजाज शामिल हुए। ये सभी अधिकारी वर्तमान में सुकमा, बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कोंडागांव कलेक्टर कार्यालयों से संबद्ध हैं।

भ्रमण के दौरान एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार ने प्रशिक्षणार्थियों को थाना की कार्यप्रणाली, अपराध पंजीयन प्रक्रिया, रोजनामचा संधारण, बेसिक रजिस्टर, CCTNS प्रणाली और पुलिसिंग के दैनिक संचालन की जानकारी दी। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और न्यायालयीन प्रक्रियाओं से जुड़े पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षणार्थियों को थाना परिसर की विभिन्न शाखाओं, अभिलेखों और दस्तावेजों का अवलोकन भी कराया गया। इसके अलावा विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालय का भ्रमण कराते हुए न्यायालयीन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की कार्यशैली से अवगत कराया गया।

इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने पुलिस और राजस्व प्रशासन के समन्वयात्मक कार्यों को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया। प्रशासनिक प्रशिक्षण के इस व्यावहारिक सत्र को भविष्य के अधिकारियों के लिए उपयोगी और महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ऑपरेशन साइबर शील्ड: डिजिटल अरेस्ट और करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चमकी राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव, जीते रजत और कांस्य पदक

2026 में क्यों बढ़ रहे हैं मोबाइल फोन के दाम? जानिए 7 बड़े कारण

कलकत्ता हाईकोर्ट में वकील की पोशाक में पहुंचीं ममता बनर्जी, कोर्ट परिसर में विवाद के बाद बार काउंसिल ने मांगी प्रैक्टिस डिटेल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here