
रायपुर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन की सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए थाना उरला क्षेत्र की एएचपी (बीएसयूपी) कॉलोनी में नए पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया है। केंद्र का उद्घाटन पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया।
उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी उरला, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीसीपी मयंक गुर्जर ने कहा कि उरला क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और आबादी में लगातार वृद्धि हो रही है। सुशासन तिहार के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा पुलिस सहायता केंद्र की मांग की गई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। इससे एएचपी कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की सतत उपस्थिति और बेहतर निगरानी सुनिश्चित होगी।
सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य नागरिकों को उनके निवास क्षेत्र के समीप त्वरित और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और शिकायतों के शीघ्र निराकरण में मदद मिलेगी।
नए पुलिस सहायता केंद्र के शुरू होने से एएचपी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक सुलभ होगी, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।



















