
क्रिकेट सट्टे पर पुलिस का यॉर्कर, आरोपी सट्टेबाज सीधे पवेलियन- नकदी और बाइक जब्त
रायपुर। आईपीएल और क्रिकेट मैचों की आड़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी का खेल चला रहे एक आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कंकाली तालाब के पास एक व्यक्ति बाइक पर बैठकर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान राजू देवांगन (37) निवासी आदर्श नगर, कुशालपुर, रायपुर के रूप में हुई।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की पड़ताल में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस के अनुसार आरोपी Uncle777.com और Annapoorna Book जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की आईडी के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.90 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपितों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी पत्रकारिता दिवस: जानिए 30 मई का इतिहास, महत्व और पत्रकारों की प्रेरक कहानियाँ
कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट को राहत नहीं, दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र और एक्स से मांगा जवाब
फलों के राजा का महाकुंभ: रायपुर में सजे देशभर के दुर्लभ आम, राज्यपाल-सीएम ने किया शुभारंभ



















