
रायगढ़ गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड पर गोली चलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 19 वर्षीय विवेक कुमार यादव को जमुई जिले से पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की गई है।
गार्ड की डांट से नाराज होकर चलाई गोली
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे विवेक कुमार यादव अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ शराब दुकान पहुंचा था। देर रात दुकान आने को लेकर सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल ने दोनों को डांट दिया।
इसके बाद दोनों लेबर क्वार्टर लौट गए। पुलिस के अनुसार, गार्ड की डांट से रोशन परेशान होकर रोने लगा, जिसके बाद विवेक गुस्से में पिस्टल लेकर दोबारा शराब दुकान पहुंचा और विवाद के दौरान गार्ड पर गोली चला दी। गोली चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी।
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद आरोपी फरार होकर बिहार चला गया। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम बिहार के जमुई पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से उसकी तलाश शुरू की।
खेत में छिपा था आरोपी, 2 घंटे की घेराबंदी के बाद पकड़ा
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर से निकलकर खेत में छिप गया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
30 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अग्रोहा स्टील प्लांट में मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार, उसने प्लांट के फोरमैन को डराने के लिए अपने गांव में एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये में पिस्टल और एक गोली खरीदी थी। इसी हथियार का इस्तेमाल गार्ड पर फायरिंग में किया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
मामले में विवेक कुमार यादव गिरफ्तार हो चुका है, जबकि उसका साथी रोशन ठाकुर अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने मामले में धारा 296, 351(3), 109(1) BNS और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।


















