ग्रीन स्टील पर छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग में ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

0
121

निवेश से 10,921 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना


रायपुर नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के संयुक्त तत्वावधान में ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग ऑन ग्रीन स्टील’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रदेश में ग्रीन स्टील से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स के लिए कुल ₹13,840 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। प्रस्तावित परियोजनाओं से करीब 10,921 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

स्टील में वैल्यू एडिशन पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्टील और खनन छत्तीसगढ़ की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। अब इसी आधार पर उद्योगों के नए क्षेत्रों में विस्तार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य केवल स्टील उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रदेश में उत्पादित स्टील का अधिकतम मूल्य संवर्धन भी यहीं करना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से प्राथमिक स्टील बाहर भेजने के बजाय उसे ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, रेलवे, रक्षा और सौर ऊर्जा उपकरणों जैसे डाउनस्ट्रीम एवं स्पेशियलिटी उत्पादों में परिवर्तित किया जाए। इससे राज्य में निवेश के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

ग्रीन स्टील की ओर बढ़ रहा राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है और ग्रीन स्टील इस बदलाव का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छत्तीसगढ़ ने भी इस क्षेत्र में समय रहते कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 26 हजार मेगावाट से अधिक बिजली उपलब्धता और प्रतिस्पर्धी औद्योगिक बिजली दरें ऊर्जा आधारित डाउनस्ट्रीम मैन्युफैक्चरिंग के लिए राज्य को अनुकूल बनाती हैं।

निवेशकों को सरकार का सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों और निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

उन्होंने यह भी बताया कि CRISIL-NITI Aayog Investment Friendliness Index 2026 में छत्तीसगढ़ ने प्रमुख राज्यों के बीच ‘रेगुलेटरी ईज’ और ‘इंस्टीट्यूशनल एनवायरनमेंट’ में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि ‘एनवायरनमेंटल रेजिलिएंस’ में राज्य दूसरे स्थान पर रहा है।

हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित GeM के 10वें स्थापना दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘GeM Sustainable Procurement Award’ से भी सम्मानित किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here