
छात्रों, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
रायपुर शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
नशे से दूर रहने की ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने हाथ आगे बढ़ाकर जीवनभर नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ ली। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों और स्वस्थ समाज के निर्माण में नशामुक्ति की भूमिका को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने अभियान में सक्रिय सहभागिता और सहयोग के लिए महाविद्यालय प्रशासन को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया।
पोस्टर और पम्फलेट के जरिए दिया संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अतिथियों ने ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ अभियान से जुड़े पोस्टर और पम्फलेट प्रदर्शित किए। इस दौरान नशामुक्त समाज को विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।



















