
तकनीकी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा ही सच्ची शिक्षा है” — विधायक श्री मोतीलाल साहू CGIT,Raipur में आयोजित हुआ भव्य विशेष दिवस
“तकनीकी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा ही सच्ची शिक्षा है।’ – श्री मोतीलाल साहू जी, माननीय विधायक ग्रामीण, छत्तीसगढ़
रायपुर: छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायपुर में नए विद्यार्थियों के स्वागत और उनके सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित पंद्रह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत आज एक अत्यंत भव्य और गरिमामयी विशेष दिवस का आयोजन किया गया। ज्ञान, अनुशासन और संस्कृति के इस अनूठे संगम ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में तकनीकी शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब जी को सादर आमंत्रित किया गया था। किन्हीं अपरिहार्य कारणों से वो कार्यक्रम में आ न सके परन्तु उन्होंने छात्रों के लिए प्रेरणादायक संदेश भेजा । वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर ग्रामीण के यशस्वी विधायक श्री मोतीलाल साहू जी ने मंच की शोभा बढ़ाई।
समारोह में तकनीकी शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. अमिताभ दुबे, संस्थान के प्राचार्य डॉ. एम. आर. खान तथा इंडक्शन कार्यक्रम समन्वयक एवं विभागाध्यक्ष (बेसिक साइंसेस एंड ह्यूमैनिटीज) डॉ. श्वेता चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। साथ ही सत्र में डॉ. आर. एस. परिहार, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रिकल विभाग, डॉ. अजय गर्ग, विभागाध्यक्ष, सिविल विभाग, डॉ. अजय त्रिपाठी, विभागाध्यक्ष, मैकेनिकल विभाग, डॉ. एस. डी. दीवान, परीक्षा प्रभारी सहित अभिभावक, छात्र-छात्रा, शिक्षक गण की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
अतिथियों का हुआ पारंपरिक स्वागत
विशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर ग्रामीण के यशस्वी विधायक श्री मोतीलाल साहू जी का भी श्रीफल, राजकीय गमछा और पुष्पगुच्छ भेंट कर आदर-सत्कार किया।
समारोह के दौरान इंडक्शन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. श्वेता चौबे ने मंच से पंद्रह दिनों तक चलने वाले इस विस्तृत इंडक्शन प्रोग्राम की रूपरेखा (Outline) प्रस्तुत की, जिसमें छात्रों के सर्वांगीण विकास और ओरिएंटेशन की पूरी कार्यप्रणाली समझाई गई। उन्होंने छात्रों को समझाइश देते हुए उनसे कहा कि, कक्षा कक्ष के ज्ञान के साथ-साथ नवाचार, रोबोटिक्स और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने से पीछे न हटें। अनुशासन, निरंतरता और कुछ नया सीखने की ललक ही आपको भीड़ से अलग एक सफल पेशेवर बनाएगी। यह मंच और यह संस्थान आपका अपना परिवार है, जहाँ आपकी हर उड़ान को सही दिशा और आसमान मिलेगा।
इसके बाद, संस्थान के प्राचार्य डॉ. एम. आर. खान ने महाविद्यालय की उपलब्धियों, उत्कृष्ट शैक्षणिक सुविधाओं, संचालित पाठ्यक्रमों और भविष्य की संभावनाओं की विस्तृत व्याख्या की, जिससे नए विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और बढ़ा। उन्होंने छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हुए कहा कि,
तकनीकी शिक्षा की यह देहरी आपके सुनहरे भविष्य और सपनों को नया आकार देने का प्रथम चरण है।
इन पंद्रह दिनों का इंडक्शन प्रोग्राम आपके कॉलेज जीवन की मजबूत नींव साबित होगा, जो आपको हर चुनौती के लिए तैयार करेगा।

मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने अपने प्रेरणादायक संदेश में छात्रों के लिए विशेष बातें कहीं कि, तकनीकी शिक्षा केवल एक डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह देश और समाज के नवनिर्माण की सबसे बड़ी कुंजी है।
अपनी सोच को किताबों तक सीमित न रखें; नवाचार (Innovation) और नए विचारों को अपनाकर समस्याओं का समाधान खोजना ही एक सच्चे इंजीनियर की पहचान है।
असफलता से कभी न डरें, क्योंकि हर चुनौती आपके भीतर छिपी हुई असली प्रतिभा को बाहर निकालने का एक नया अवसर होती है।
अनुशासन, अटूट लगन और निरंतर सीखने की जिज्ञासा ही वह मार्ग है जो आपको सफलता के शिखर तक ले जाएगा।
छत्तीसगढ़ के ये युवा केवल इस संस्थान का ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का भविष्य हैं; अपनी पूरी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं और ऊंचे सपने देखें।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के अगले चरण में छात्र-छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। स्वागत नृत्य के साथ शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ी बस्तरिया नृत्य, पंथी नृत्य, रोबोटिक्स प्रदर्शन, स्टार्टअप आइडियाज, एनएसएस की झलकियाँ और विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक और पारंपरिक मराठी, बंगाली, असमी आदि राज्यों के विशेष परिधानों के साथ साथ छत्तीसगढ़ के परिधानों का समायोजन सांस्कृतिक धरोहरों के रूप में मंच पर प्रस्तुत कर मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
विशिष्ट अतिथि रायपुर ग्रामीण के यशस्वी विधायक श्री मोतीलाल साहू जी ने अपने उद्बोधन में नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और तकनीकी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। इस विशेष दिवस के सफल आयोजन ने सभी विद्यार्थियों में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया है।
धन्यवाद ज्ञापन में सुश्री डॉ. शशिबाला किंडो ने उपस्थित सभी अतिथियों, पालकों, शिक्षकों, छात्रों, स्टाफ़ आदि को आभार व्यक्त कर किया। इंडक्शन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. श्वेता चौबे ने मीडिया को जानकारी साझा करते हुए सूचना दी कि, कार्यक्रम में सत्रवार क्या क्या आयोजन किया गया । उक्त कार्यक्रम प्रो. डॉ. एस. के. दबड़गाँव, श्री अनिल खत्री, डॉ. आर. एन. देवांगन, डॉ. जी. आर. बंजारे, श्री टी. के. देवांगन, श्री प्रशांत साहू, डॉ. रानी पुष्पा बघेल, श्री आशीष सिंह ठाकुर, आदि की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ ।























