
दुर्ग दुर्ग के आर्य नगर इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान गोविंद साहू, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है।
सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में गोविंद साहू ने आर्थिक तंगी को इस आत्मघाती कदम की वजह बताया है। उसने लिखा है कि बच्चों को इस दुनिया में वे खुद लाए थे, इसलिए उन्हें अपने साथ ले जा रहे हैं और इसके लिए परिवार का कोई सदस्य जिम्मेदार नहीं है।
बच्चों की हत्या के बाद लगाई फांसी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी ने फांसी लगाने से पहले बच्चों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनका गला दबाया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने फांसी लगाकर जान दे दी।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रात में साथ खाया खाना, सुबह मिला शव
जानकारी के मुताबिक, परिवार कुछ दिन पहले तिरुपति बालाजी और पुरी जगन्नाथ धाम के दर्शन कर लौटा था। गुरुवार रात परिवार ने साथ में भोजन किया, बच्चों को आइसक्रीम और मिठाई खिलाई और फिर सभी अपने कमरे में सोने चले गए।
सुबह देर तक कोई बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया, जहां का दृश्य देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।
दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके मिले। यह दृश्य देखकर गोविंद की मां बेहोश हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आर्थिक तंगी, पारिवारिक तनाव और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।



















