नेपाल बाढ़ में तबाही: अब तक 22 लोगों की मौत, 105 भारतीयों समेत 384 लापता

0
10

नेपाल के रसुवा इलाके में भोटेकोशी नदी में आई अचानक फ्लैश फ्लड के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बड़ी संख्या में पर्यटकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लापता होने की खबर है।

नेपाल टूरिज्म बोर्ड की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र से 105 भारतीय नागरिकों समेत कुल 384 पर्यटक और यात्री लापता या संपर्क से बाहर बताए गए हैं। इनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं।

105 भारतीय यात्रियों का पता नहीं

टूरिज्म बोर्ड के अनुसार लापता बताए जा रहे भारतीय नागरिकों में सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स के 59 और लिआ हॉलिडे के 46 यात्री शामिल हैं। इसके अलावा हिमालयन ग्लेशियर से जुड़े 37 एनआरआई यात्रियों की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इन सभी लोगों के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। उनकी स्थिति का सत्यापन किया जा रहा है।

32 पुलिसकर्मी और 15 कर्मचारी भी लापता

बाढ़ से रसुवा के टिमुरे क्षेत्र में नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के 32 जवानों के लापता होने की सूचना है। वहीं, रसुवा कस्टम कार्यालय के 15 कर्मचारी भी संपर्क से बाहर बताए गए हैं।

लांगटांग खोला 20 मेगावाट हाइड्रोपावर परियोजना भी बाढ़ की चपेट में आई है। परियोजना से जुड़े करीब 60 लोग भी फिलहाल संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं। इनमें इंजीनियर, ड्राइवर, रसोई कर्मचारी और सुरंग में काम करने वाले मजदूर शामिल हैं।

88 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नेपाली सेना के अनुसार, राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 88 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए 12 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं, हालांकि खराब मौसम के कारण हवाई अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

बाढ़ के कारण संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिससे प्रभावित लोगों का पता लगाने और राहत पहुंचाने में चुनौती सामने आ रही है।

भारत ने भी मदद की तैयारी शुरू की

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, भारत नेपाल में राहत एवं बचाव के लिए आवश्यक सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा है। भारतीय विदेश मंत्रालय नेपाल सरकार और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के लगातार संपर्क में है।

नेपाल टूरिज्म बोर्ड ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर लापता यात्रियों की जानकारी सत्यापित कर रहा है।

आपात सहायता के लिए जारी नंबर:

  • नेपाल टूरिज्म बोर्ड: 1234
  • हॉटलाइन: 1144
  • टूरिस्ट पुलिस: 9851289445

फिलहाल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लापता बताए जा रहे यात्रियों में से किसी के भी हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। उनकी तलाश और स्थिति की पुष्टि के लिए राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here