
बीएसपी से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी का भंडाफोड़, 4 आरोपित गिरफ्तार, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से संगठित तरीके से लौह स्क्रैप की चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग सहित लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित पिछले कई महीनों से फ्लू डस्ट की आड़ में बीएसपी से लोहे का सामान बाहर निकाल रहे थे। चोरी किए गए स्क्रैप को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर वाहनों के माध्यम से परिवहन किया जाता था, जिससे किसी को संदेह न हो।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हथखोज स्थित एक स्क्रैप यार्ड में दबिश दी। जांच के दौरान कई वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट कटिंग और बीम बरामद हुई। परिसर में बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप के ढेर भी मिले। मौके पर मौजूद लोगों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी के माल के परिवहन और प्रसंस्करण में उपयोग किए जा रहे हाईवा, ट्रक, जेसीबी, हाइड्रा, टाटा एस और अन्य मशीनरी भी जब्त की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित
मीथेन ठाकुर
चिंतानंद साहू
गीतेश वर्मा
निर्मल सिंह
जब्त सामग्री
लगभग 250 टन लौह स्क्रैप (प्लेट एवं बीम कटिंग)
2 हाईवा वाहन
2 ट्रक
टाटा 1109
टाटा एस
जेसीबी मशीन
हाइड्रा मशीन
चैन माउंटिंग मशीन




















