सुप्रीम कोर्ट में न्यायिक नियुक्तियों को लेकर पूर्व CJI बीआर गवई ने उठाए सवाल, राष्ट्रपति को पत्र लिखकर जताई नाराजगी

0
6

नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्तियों को लेकर पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई ने कॉलेजियम की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि न्यायिक नियुक्तियों में योग्यता, विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति से इस मामले में हस्तक्षेप करने और उच्च न्यायपालिका में सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया है।

27 नवंबर को लिखे गए इस पत्र में जस्टिस गवई ने हालिया नियुक्तियों के लिए की गई सिफारिशों पर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि इन सिफारिशों में एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाओं सहित दूसरे वर्गों को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। हालांकि, उन्होंने पत्र में संबंधित समुदाय का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया है।

✦
✧
✦
🪔 FESTIVE GREETINGS 🪔
Alok Pandey Festival Greetings
✨ दीपावली एवं सभी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएँ ✨
✺

पत्र में जिस समुदाय का उल्लेख किया गया है, उसकी आबादी देश की कुल जनसंख्या के पांच प्रतिशत से भी कम बताई गई है, जबकि सुप्रीम कोर्ट में उसकी हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से अधिक होने का दावा किया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह संकेत ब्राह्मण समुदाय की ओर माना जा रहा है।

जस्टिस गवई ने कहा कि न्यायिक नियुक्तियों में लंबे समय से प्रतिनिधित्व का असंतुलन बना हुआ है और इसमें अब तक प्रभावी सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में नियुक्तियों की सिफारिश करते समय उन्होंने विविधता और समावेशिता को प्राथमिकता दी थी। उनका प्रयास रहा कि अगड़ी जातियों के साथ-साथ सामाजिक रूप से पिछड़े और हाशिए पर रहने वाले समुदायों को भी उचित अवसर मिलें।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केवल एक विशेष वर्ग को नियुक्तियों और पदोन्नति में प्राथमिकता दिए जाने से अन्य समुदायों के योग्य उम्मीदवार भी प्रभावित हो रहे हैं। यहां तक कि उस विशेष समूह से बाहर के अगड़ी जातियों के उम्मीदवारों को भी पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

 न्यायिक नियुक्तियों के आंकड़ों का दिया हवाला

अपने पत्र में पूर्व CJI ने न्यायिक नियुक्तियों से जुड़े संसदीय आंकड़ों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने मार्च 2025 में राज्यसभा में केंद्रीय कानून मंत्री की ओर से दिए गए जवाब का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2018 से अब तक नियुक्त 715 हाई कोर्ट न्यायाधीशों में 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे। उनके अनुसार, इन आंकड़ों में लगभग तीन-चौथाई नियुक्तियां सामान्य वर्ग से हुई थीं।

इसके अलावा, उन्होंने जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच हुई नियुक्तियों के आंकड़ों का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि इस अवधि में अगड़ी जातियों का प्रतिनिधित्व करीब 80 प्रतिशत रहा, जबकि आबादी में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले OBC समुदाय को 14 प्रतिशत से भी कम प्रतिनिधित्व मिला।

 सुप्रीम कोर्ट में जाति आधारित आंकड़ों की कमी पर भी चिंता

जस्टिस गवई ने सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्तियों से संबंधित जाति आधारित आंकड़े उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उनका मानना है कि नियुक्तियों में विभिन्न सामाजिक वर्गों की हिस्सेदारी से जुड़ी जानकारी का अभाव भी प्रतिनिधित्व के असंतुलन को समझने और दूर करने में एक बड़ी चुनौती है।

गौरतलब है कि वर्तमान सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, बीवी नागरत्ना, एमएम सुंदरेश और पीएस नरसिम्हा शामिल हैं। पूर्व CJI गवई ने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि उच्च न्यायपालिका में नियुक्तियों के दौरान संविधान की भावना के अनुरूप विविधता और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here