
बलौदाबाजार-भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यापारी से बंदूक की नोक पर सोना-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान जाते समय बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, ग्राम तरेंगा निवासी ज्वेलरी व्यापारी बलराम सोनी गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी बाइक से ग्राम रोहरा स्थित दुकान जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में दो अलग-अलग बाइक पर सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।
बंदूक दिखाकर लूटा आभूषणों से भरा बैग
पीड़ित के मुताबिक, एक आरोपी ने बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनके हाथ में मौजूद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
दस्तावेजों की भी हो रही जांच
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान व्यापारी लूटे गए आभूषणों से संबंधित बिल या अन्य दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे में आभूषणों की मात्रा और उनके दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
नाकेबंदी कर CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण, भाटापारा शहर, सिमगा, लिमतरा, सुहेला और हथबंद थाना पुलिस को अलर्ट कर संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई। साइबर सेल और विशेष पुलिस टीमें ग्राम तरेंगा से रोहरा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
व्यापारियों में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।



















