
राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव चौक के पास शंकर नगर रोड पर देर रात हिट एंड रन का मामला सामने आया। तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पीछे से बुलेट सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक थाना खमतराई क्षेत्र स्थित साम्राज्य रेसिडेंसी का निवासी है। वह अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट से शंकर नगर से घर लौट रहा था, तभी मरीन ड्राइव चौक के पास पीछे से आ रही कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में युवक के दोनों हाथ, कमर, पसलियों, छाती और सिर में चोटें आई हैं। वहीं उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के दौरान उसका दोस्त सजल मानके भी साथ मौजूद था, जिसने पूरी घटना देखी।
घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला हिट एंड रन का माना जा रहा है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने मरीन ड्राइव और शंकर नगर रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त निगरानी की मांग की है।



















