
सरगुजा जिले के रामगढ़ में 29 और 30 जून को दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
महोत्सव के पहले दिन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित विभिन्न लोकनृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान आगंतुकों को विश्व की प्राचीनतम रंगशाला के रूप में प्रसिद्ध सीताबेंगरा गुफा, ऐतिहासिक जोगीमारा गुफा, रामगढ़ पर्वत श्रृंखला तथा अन्य पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 30 जून को साहित्य, इतिहास और संस्कृति पर केंद्रित परिचर्चाओं का आयोजन होगा। साथ ही लोककलाओं की प्रस्तुतियां, जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।



















