
धमतरी ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा 13 अगस्त को ग्राम सिंगपुर, विकासखंड मगरलोड में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवाई वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक किया जाएगा।
रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच
शिविर में रायपुर के जगन्नाथ हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श देंगे। शिविर में डॉ. मुकेश केशरवानी और डॉ. हरिकृष्ण प्रधान (एमडी मेडिसिन) तथा डॉ. प्रीति केशरवानी (एमडी ऑनकोलॉजी एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ) अपनी सेवाएं देंगी।
जांच के साथ मुफ्त दवाइयां भी
स्वास्थ्य शिविर में सामान्य से लेकर गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच की जाएगी। मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। कैंसर से जुड़े संभावित लक्षणों या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं वाले मरीजों को कैंसर विशेषज्ञ से सीधे परामर्श लेने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करना है।













