₹57,700 मासिक मानदेय की मांग पर अड़े अतिथि व्याख्याता, उच्च शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव

0
8

रायपुर छत्तीसगढ़ के अतिथि व्याख्याताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर राजधानी रायपुर में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के शंकर नगर स्थित सरकारी आवास का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे व्याख्याताओं ने ₹57,700 एकमुश्त मासिक मानदेय, सेवा सुरक्षा और 12 माह के कार्यकाल सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मंत्री से हुई चर्चा के बाद भी कोई सहमति नहीं बनने पर प्रदर्शनकारी धरने पर बैठ गए।

इन मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

सुबह करीब 10:30 बजे प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 250 से 300 अतिथि व्याख्याताओं ने मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया। उनकी प्रमुख मांगों में ₹57,700 का एकमुश्त मासिक मानदेय, सेवा सुरक्षा, 12 माह का कार्यकाल, 13 वार्षिक आकस्मिक अवकाश (सीएल), सम्मानजनक पदनाम और नीति-2024 में संशोधन शामिल हैं।

मंत्री से बातचीत बेनतीजा रही

प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रतिनिधियों का आरोप है कि चर्चा के दौरान मंत्री ने प्रतिदिन ₹2,000 मानदेय के प्रस्ताव पर जोर दिया, जबकि अतिथि व्याख्याता एकमुश्त मासिक वेतन की मांग पर कायम रहे। उनका कहना है कि उनकी मुख्य मांग पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया।

‘हम दिहाड़ी मजदूर नहीं’

प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लव कुमार वर्मा ने कहा कि अतिथि व्याख्याता दिहाड़ी मजदूर नहीं हैं और उन्हें प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी एकसूत्रीय मांग ₹57,700 का एकमुश्त मासिक मानदेय और सवैतनिक अवकाश है। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here