
दिल्ली । फुटबॉल की दुनिया के महान खिलाड़ी और 2022 फीफा वर्ल्ड कप विजेता लियोनल मेसी इस समय भारत दौरे पर हैं। शनिवार से शुरू हुए उनके ‘गोट इंडिया टूर’ को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मेसी ने इस दौरे की शुरुआत कोलकाता से की, जहां उन्हें देखने के लिए हजारों फैंस उमड़ पड़े।
कोलकाता में लियोनल मेसी ने अपने स्टेच्यू का उद्घाटन किया, लेकिन इसके बाद सॉल्ट लेक स्टेडियम में हालात बिगड़ गए। दर्शकों की भारी भीड़ के कारण स्टेडियम में अव्यवस्था फैल गई, जिसे लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नाराज नजर आईं। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
वहीं, इसके उलट हैदराबाद में मेसी का कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा। यहां उन्होंने फुटबॉल खेला और फैंस से मुलाकात की। खास बात यह रही कि मेसी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपनी साइन की हुई जर्सी भी गिफ्ट की, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।



















