ओलिवुड गायक हुमान सागर की संदिग्ध मौत मामले में दो एफआईआर दर्ज, जांच तेज

0
104

ओडिशा । प्रसिद्ध ओलिवुड गायक हुमान सागर की सनसनीखेज और संदिग्ध मौत के मामले में ट्विन सिटी कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार को दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई गायक की मां सेफाली सुना की शिकायत के आधार पर की गई है। शहर पुलिस ने कटक के मरकट नगर थाना में आज सुबह उनकी शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(2), 351(2), 3(5), 115(2), 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज किया है।

इसके साथ ही पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के अंतर्गत अप्राकृतिक मौत का एक अलग मामला भी पंजीबद्ध किया है। सेफाली सुना ने अपनी शिकायत में बेटे हुमान सागर की असमय और संदिग्ध मौत को लेकर गहन, पारदर्शी और बहुआयामी जांच की मांग की है, जिसमें वित्तीय लेन-देन और संभावित अनियमितताओं की जांच भी शामिल है।

शिकायत में उन्होंने हुमान सागर की पत्नी श्रेया मिश्रा, डॉ. सुभेंदु मिश्रा, गायिका अर्पिता चौधरी, मैनेजर दिनेश बेहरा, प्रशांत बेहरा, सोमेश सतपथी, मोहम्मद आबिद उर्फ बबलू, लुलु मोहंती और जगदीश मोहंती के नाम लिए हैं। उन्होंने कुछ लोगों की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए उनके वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच की मांग की है।

दो मामलों के दर्ज होने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच विभिन्न पहलुओं से करेगी, ताकि हुमान सागर की मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here