राइस मिल के टिन शेड पर फंसा भालू, शहद की तलाश में घुसा था परिसर में

0
91

पेंड्रा । जिले के धनपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहद की तलाश में एक भालू श्री साईं फूड प्रोडक्ट राइस मिल के परिसर में घुस आया और मिल के टिन शेड पर करीब 30 फीट की ऊंचाई पर फंस गया। यह घटना मरवाही वन मंडल अंतर्गत लरकेनी–धनपुर मार्ग पर स्थित राइस मिल में देर रात की बताई जा रही है। भालू के शेड पर फंसे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात मिल में कामकाज चल रहा था, तभी अचानक भालू परिसर में घुस आया। मिल के टिन शेड पर बड़ी संख्या में मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए हैं। इन्हीं छत्तों के शहद की ओर आकर्षित होकर भालू ऊपर चढ़ गया, लेकिन ऊपर पहुंचने के बाद वह नीचे उतर नहीं सका और शेड के ऊपरी हिस्से में दुबककर बैठ गया। भालू को देखकर मिल में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई और कई मजदूर अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

भालू के फंसे होने से मिल परिसर और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। एहतियात के तौर पर राइस मिल प्रबंधन ने कर्मचारियों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है और आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई है। मिल संचालक प्रदीप साहू ने सुबह वन विभाग को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मरवाही वन मंडल की टीम मौके पर पहुंची।

वन अधिकारियों के अनुसार, भालू फिलहाल शेड के ऊपरी हिस्से में ही मौजूद है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। बिना किसी नुकसान के भालू को सुरक्षित नीचे उतारने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए रेस्क्यू टीम और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है। संभावना है कि देर शाम या रात तक भालू को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर जंगल की ओर छोड़ा जाएगा।

वन विभाग ने ग्रामीणों और मिल मजदूरों से अपील की है कि वे भालू को देखने या वीडियो बनाने के लिए परिसर के पास न जाएं। शोर-शराबा या भीड़ होने से भालू आक्रामक हो सकता है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ सकता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here