11 जनवरी 2026, हरिद्धार:
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की की पहल पर उत्तराखंड सरकार और जर्मनी के ब्रांडेनबुर्ग राज्य सरकार के बीच संयुक्त आशय घोषणा पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह कदम विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में राज्य-स्तरीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
इस संयुक्त घोषणा का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देना है, जिससे उच्च शिक्षा और अनुसंधान में वैश्विक सहभागिता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। समझौते के तहत संयुक्त सूचना एवं कौशल केंद्र की स्थापना, भारत-जर्मनी स्टार्टअप्स पर केंद्रित उद्योग संपर्क कार्यालय का गठन, राज्य-स्तरीय संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रमों का विकास तथा चिन्हित प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक और पारंपरिक आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।
यह सहयोग विशेष रूप से आपदा प्रबंधन और प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों, कृषि एवं पर्यावरण निगरानी के लिए ड्रोन और डिजिटल तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और हाइड्रोजन अर्थव्यवस्था, उन्नत विनिर्माण, ई-गवर्नेंस, स्वास्थ्य सेवाओं तथा साइबर सुरक्षा में डेटा विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा।





















