इंस्टाग्राम से अचानक ‘गायब’ हुए विराट कोहली, करोड़ों फैंस में मचा हड़कंप

0
140

नई दिल्ली

 

भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली उस वक्त सुर्खियों में आ गए, जब उनका आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक डीएक्टिवेट नजर आया। तड़के जब फैंस उनकी प्रोफाइल पर पहुंचे तो वहां ‘User Not Found’ और ‘Profile Not Available’ का मैसेज दिखा। 27.4 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स वाले विराट का इस तरह बिना किसी पूर्व सूचना के सोशल मीडिया से गायब होना फैंस के लिए चौंकाने वाला रहा।

हालांकि कुछ घंटों बाद विराट का इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा एक्टिव हो गया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर चर्चाओं और अटकलों का दौर शुरू हो चुका था। फैंस अलग-अलग कारणों को लेकर कयास लगाने लगे—कहीं अकाउंट हैक तो नहीं हुआ, या फिर विराट ने जानबूझकर सोशल मीडिया से ब्रेक लिया है।

मामला तब और दिलचस्प हो गया जब लोगों ने देखा कि विराट के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी उसी दौरान गायब था। इसके बाद ‘डिजिटल डिटॉक्स’ से लेकर ‘सोशल मीडिया ब्रेक’ तक तमाम थ्योरीज सामने आने लगीं। कई फैंस ने तो अनुष्का शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी सवाल दागते हुए पूछा—“विराट का अकाउंट कहां गया?”

इसी बीच भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने रहस्य को और गहरा कर दिया। रोहित ने पोस्ट किया—“New Role Incoming… Lead _ India” और संकेत दिया कि दोपहर में किसी बड़े ऐलान से पर्दा उठेगा।

अब क्रिकेट प्रेमियों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या विराट कोहली के इंस्टाग्राम से अचानक गायब होने और रोहित शर्मा के इस क्रिप्टिक पोस्ट के बीच कोई बड़ा कनेक्शन है, या फिर यह महज एक संयोग है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर इस पूरे घटनाक्रम पर कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन भारतीय क्रिकेट में किसी बड़े ऐलान की आहट जरूर महसूस की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here