नई दिल्ली । बैंकिंग, आईटी और टेलीकॉम शेयरों में बिकवाली बढ़ने से बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआती बढ़त टिक नहीं पाई। सुबह के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 387 अंक गिरकर 77,818.73 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 142 अंक टूटकर 24,119.25 पर आ गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स अपने इंट्राडे हाई से 500 अंक से ज्यादा नीचे चला गया।
बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। निफ्टी बैंक 421 अंक गिरकर 55,840.45 पर आ गया। वहीं बाजार की अस्थिरता दर्शाने वाला इंडिया VIX करीब 6.7% बढ़कर 22.85 पर पहुंच गया। भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इंफोसिस जैसे बड़े शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि कुछ शेयरों में तेजी भी देखने को मिली। शक्ति पंप्स करीब 10% उछला, तेजस नेटवर्क्स में 4% से ज्यादा की बढ़त रही, जबकि इंटरग्लोब एविएशन और हिंदुस्तान जिंक भी बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।
विशेषज्ञों के मुताबिक बाजार में गिरावट के पीछे मिडिल-ईस्ट में बढ़ता जियोपॉलिटिकल तनाव, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और रुपये की कमजोरी प्रमुख कारण हैं। इन कारकों के चलते निवेशकों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।
























