दुर्ग शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के आपापुरा स्थित भोईपारा इलाके में शनिवार को एक किराए के मकान से पिता और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में दोनों के जहर सेवन कर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 70 वर्षीय अरुण टंडिया और उनके 35 वर्षीय बेटे पंकज टंडिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ महीने पहले ही भोईपारा क्षेत्र में किराए के मकान में रहने आए थे। इससे पहले वे शहर के किसी अन्य इलाके में निवास करते थे।
शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। लोगों ने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद आसपास के लोगों ने स्थानीय पार्षद को इसकी जानकारी दी।
पार्षद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर कमरे में पिता और बेटे के शव पड़े मिले। बताया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
























