रायपुर ग्रामीण में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ट्रामाडोल टैबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायपुर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मंदिर हसौद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर पूरे जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को 17 मार्च को सूचना मिली कि परसदा क्षेत्र में एक व्यक्ति नशीली टैबलेट लेकर घूम रहा है।
सूचना मिलते ही थाना मंदिर हसौद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम ईश्वर धृतलहरे (50 वर्ष) निवासी ग्राम परसदा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामाडोल की 200 टैबलेट बरामद की गईं। जब पुलिस ने इन दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और लगातार गुमराह करने की कोशिश करता रहा।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से नशीली टैबलेट के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मंदिर हसौद में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























