पेट्रोल सस्ता होगा? 20% से ज्यादा एथनॉल मिलाने का प्रस्ताव, गडकरी को AIDA का सुझाव
नई दिल्ली पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच पेट्रोल के दाम को लेकर राहत की उम्मीद जताई जा रही है। ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) ने सरकार को बड़ा प्रस्ताव देते हुए पेट्रोल में 20% से अधिक एथनॉल मिश्रण की आपूर्ति करने की पेशकश की है।
एसोसिएशन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर कहा है कि देश का एथनॉल उद्योग अब E20 (20% मिश्रण) से आगे बढ़ने के लिए तैयार है। AIDA की उप-महानिदेशक भारती बालाजी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए एथनॉल मिश्रण बढ़ाने से भारत की कच्चे तेल पर निर्भरता कम की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल में एथनॉल का हिस्सा 20% से ज्यादा किया जाता है, तो उसी अनुपात में कच्चे तेल का आयात घटेगा। इससे न केवल देश का आयात बिल कम होगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का असर भी कम पड़ेगा।
गौरतलब है कि भारत ने E20 लक्ष्य (पेट्रोल में 20% एथनॉल मिश्रण) को तय समय से पहले हासिल कर लिया है। यह लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने ईंधन आयात को कम करने और पर्यावरण प्रदूषण घटाने के उद्देश्य से तय किया था।
अब AIDA ने सरकार से अपील की है कि एथनॉल मिश्रण को धीरे-धीरे 30% तक बढ़ाया जाए। इसके साथ ही ब्राजील की तर्ज पर फ्लेक्स-फ्यूल वाहन (100% एथनॉल पर चलने वाले) को बढ़ावा देने, एथनॉल आधारित कुकिंग स्टोव को प्रोत्साहित करने और डीजल में भी एथनॉल मिश्रण के विकल्प तलाशने का सुझाव दिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाते हैं, तो भारत को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी बढ़त मिल सकती है और आम लोगों को भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत मिल सकती है।





















