
रायपुर राजधानी के रावाभाठा इलाके में एक मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बैग में मिले संदिग्ध सामान
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-13 स्थित एक मकान से एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ। बैग में बैटरी, वायर, एयरगन, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर जैसी सामग्री मिली है। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है।
कांग्रेस नेता के रिश्तेदार पर शक
प्रारंभिक जानकारी में बैग को विनय देवांगन नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जिसे कथित रूप से एक कांग्रेस नेता का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मितानिन के घर रखा गया था बैग
पुलिस के अनुसार विनय देवांगन बुधवार शाम रावाभाठा निवासी मितानिन पुष्पा साहू के घर बैग लेकर पहुंचा था। उसने कुछ समय के लिए बैग रखने की बात कही और वहां से चला गया।
बैग पर संदेह होने पर पुष्पा साहू ने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैग की जांच की गई, जिसमें संदिग्ध सामग्री मिलने पर पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट की जाएगी।



















