
तमिलनाडु में विजय सरकार बनने का रास्ता साफ, VCK के समर्थन से बहुमत हासिल
चेन्नई, 9 मई 2026 – तमिलनाडु की राजनीति में चल रहा सियासी असमंजस अब लगभग खत्म होता नजर आ रहा है। अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) को सरकार गठन के लिए जरूरी समर्थन मिल गया है। विदुतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) ने बिना शर्त समर्थन का ऐलान कर विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचा दिया है।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, VCK के दो विधायकों के समर्थन के बाद TVK गठबंधन के पास अब 118 विधायकों का समर्थन हो गया है, जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या मानी जा रही है। इसके बाद अब विजय समर्थक विधायक राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपकर सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले विजय के गठबंधन के पास 116 विधायकों का समर्थन था, जिसमें कांग्रेस और वामपंथी दलों के विधायक शामिल थे। हालांकि बहुमत से दो सीटें कम थीं, जिसे अब VCK के समर्थन से पूरा कर लिया गया है।
VCK विधायक दल के नेता वन्नी अरसु ने राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर को पत्र लिखकर TVK को समर्थन देने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्थिर और लोकतांत्रिक सरकार के गठन के उद्देश्य से यह समर्थन बिना किसी शर्त के दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, वामपंथी दलों ने भी सरकार को बिना शर्त समर्थन देने का फैसला किया है, जबकि कांग्रेस सरकार में भागीदारी को लेकर चर्चा कर सकती है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस दो मंत्रालयों की मांग रख सकती है। हालांकि वामपंथी दलों ने मंत्रिमंडल से दूरी बनाए रखने का संकेत दिया है।
तमिलनाडु की राजनीति में यह घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार विजय की पार्टी सत्ता के इतने करीब पहुंची है। अब सभी की नजर राज्यपाल के अगले कदम और सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया पर टिकी हुई है।



















