
रायपुर
टिकरापारा थाना क्षेत्र में युवक को डराकर एटीएम से पैसे निकलवाने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आदतन अपराधी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी को चाकू दिखाकर धमकाया और एटीएम से 10 हजार रुपये निकलवा लिए थे।
सिगरेट पीने के दौरान हुई वारदात
प्रार्थी विशाल सोनकर ने शिकायत में बताया कि 8 मई की शाम वह कुशालपुर से ई-स्कूटी में शंकर नगर जा रहा था। साहू कॉम्प्लेक्स, गोंडवाना भवन के पास वह सिगरेट पी रहा था, तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। इसके बाद दो आरोपी उसकी स्कूटी पर बैठ गए और चाकू दिखाकर उसे सिद्धार्थ चौक स्थित एटीएम ले गए, जहां से 10 हजार रुपये निकलवाकर फरार हो गए।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल उर्फ दीनू बृजवानी के खिलाफ पहले से:
- थाना मौदहापारा में 1 मामला
- थाना टिकरापारा में 4 मामले
कुल 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
चाकू और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
- एक धारदार लोहे का चाकू
- 2 हजार रुपये नकद
जब्त किए हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


















