
छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी अरुण देव गौतम को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया है। वे अब तक प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

अरुण देव गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के अभयपुर गांव के निवासी हैं। किसान परिवार में पले-बढ़े गौतम की प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल में हुई। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज, इलाहाबाद से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक तथा राजनीति शास्त्र में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय कानून में एमफिल की डिग्री हासिल की।
भारतीय पुलिस सेवा में चयन के बाद वर्ष 1992 में उन्हें मध्यप्रदेश कैडर मिला और प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में उनकी पहली पदस्थापना जबलपुर में हुई। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ कैडर का चयन किया।
छत्तीसगढ़ में उन्होंने कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं। लंबे प्रशासनिक अनुभव और कानून व्यवस्था पर मजबूत पकड़ के कारण राज्य सरकार ने उन्हें प्रदेश पुलिस की कमान सौंपी है।



















