महिला-केंद्रित सफलता की कहानी बनी प्राइम वीडियो की ‘सिस्टम’

0
20

निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी ने जताया आभार


मुंबई प्राइम वीडियो पर हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्म ‘सिस्टम’ अपनी दमदार कहानी, प्रभावशाली अभिनय और मजबूत निर्देशन के चलते दर्शकों का खूब प्यार बटोर रही है। अश्विनी अय्यर तिवारी के निर्देशन में बनी इस महिला-केंद्रित लीगल ड्रामा फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और ज्योतिका मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।

फिल्म को खासतौर पर इसकी कहानी, भावनात्मक गहराई और महिला किरदारों की मजबूती के लिए सराहा जा रहा है। रिलीज़ के बाद से ही यह फिल्म चर्चा में बनी हुई है।

अश्विनी अय्यर तिवारी ने साझा किया भावुक पोस्ट

फिल्म की सफलता के बीच निर्देशक अश्विनी अय्यर तिवारी ने सोशल मीडिया पर शूटिंग के दौरान की एक बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीर साझा करते हुए पूरी टीम और कलाकारों का आभार जताया।

उन्होंने लिखा कि ‘सिस्टम’ को पूरी टीम ने दिल से बनाया है और यह फिल्म एक कहानीकार के रूप में उन्हें और बेहतर बनाती है। उन्होंने कहा कि फिल्म का सफर आसान नहीं था और आउटडोर शूटिंग के दौरान कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन पूरी टीम ने मिलकर हर मुश्किल का सामना किया।

अश्विनी ने अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा का घर का बना खाना लाने के लिए और ज्योतिका का शूटिंग के दौरान टीम के लिए बैटरी फैन उपलब्ध कराने जैसे छोटे लेकिन खास सहयोगों के लिए धन्यवाद भी दिया।

दर्शकों के प्यार से भावुक हुईं निर्देशक

अश्विनी अय्यर तिवारी ने कहा कि दर्शकों के लगातार मिल रहे संदेश और फिल्म की छोटी-छोटी बातों पर मिल रही सराहना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती है और लंबे समय तक उनके साथ बनी रहती है।

क्या है फिल्म की कहानी?

फिल्म ‘सिस्टम’ की कहानी नेहा राजवंश (सोनाक्षी सिन्हा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक प्रभावशाली पब्लिक प्रॉसिक्यूटर है और अपनी अलग पहचान बनाना चाहती है।

वहीं सरिका रावत (ज्योतिका) एक मेहनती कोर्टरूम स्टेनोग्राफर हैं, जो मिडिल क्लास परिवार से आती हैं। अलग-अलग पृष्ठभूमि से आने वाली ये दोनों महिलाएं एक हाई-प्रोफाइल इन्फ्लुएंसर की हत्या की जांच के दौरान साथ आती हैं।

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, सत्ता, समाज और सिस्टम से जुड़ी कई छिपी सच्चाइयां सामने आने लगती हैं। भ्रष्टाचार और प्रभावशाली ताकतों के खिलाफ उनकी लड़ाई कहानी को और रोमांचक बना देती है।

प्राइम वीडियो पर हो रही स्ट्रीम

महिला सशक्तिकरण, न्याय और व्यवस्था पर आधारित यह फिल्म फिलहाल प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here