
रायपुर रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ ज़ोन पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन कालचक्र” चलाया गया। यह अभियान 18 मई से 23 मई 2026 तक उत्तर ज़ोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ ज़ोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, संगठित अपराध नेटवर्क को तोड़ना और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना था।
कई थाना क्षेत्रों में औचक कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह सहित संवेदनशील इलाकों में औचक रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों, संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
विभिन्न धाराओं में बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए—
- एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 आरोपी,
- आर्म्स एक्ट के तहत 6 आरोपी,
- आबकारी एक्ट के तहत 71 आरोपी,
- कोटपा एक्ट के तहत 41 आरोपी
के खिलाफ कार्रवाई की।
इसके अलावा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कुल 81 आरोपियों पर भी कार्रवाई की गई।
अपराधियों को दी गई सख्त चेतावनी
पुलिस ने क्षेत्र के आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और उपद्रवी तत्वों को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी कि वे अपराध और गुंडागर्दी से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए “ऑपरेशन कालचक्र” आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















