रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 900 नशीली टैबलेट और 77 शीशी प्रतिबंधित सिरप के साथ 3 गिरफ्तार

0
9


कोटा के वाटिका नगर रोड के पास पुलिस ने की घेराबंदी, करीब 4 लाख रुपये का माल और बुलेट जब्त


 रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कोटा स्थित वाटिका नगर रोड के पास पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 900 नग नशीली टैबलेट निट्रोसन (Nitrosun) और 77 शीशी प्रतिबंधित सिरप ऑनरेक्स (ONEREX) बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त सामान, नकदी और वाहन की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से बिक्री की रकम के तौर पर 4,200 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

ग्राहक की तलाश में थे आरोपी

पुलिस को 16 सितंबर को सूचना मिली थी कि कोटा के वाटिका नगर रोड के पास दोपहिया वाहन में सवार तीन लोग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और सिरप लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर डीसीपी पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया के निर्देश पर सरस्वती नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध हुलिए और वाहन के आधार पर तीनों लोगों की पहचान कर घेराबंदी की गई और उन्हें पकड़ लिया गया।

बोरियों की तलाशी में मिली नशीली दवाएं

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आर्यन खान उर्फ रूशान खान, सलमान खान और शेख युसुफ बताया। पुलिस ने उनके कब्जे में रखी बोरियों की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में निट्रोसन टैबलेट और ऑनरेक्स सिरप बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से इन दवाओं को रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने 900 नशीली टैबलेट, 77 शीशी प्रतिबंधित सिरप, 4,200 रुपये नकद और बुलेट वाहन क्रमांक CG 04 KS 8663 जब्त किया।

नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में अपराध क्रमांक 201/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी), 22(ग) और 29 के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन खान उर्फ रूशान खान (23), सलमान खान (19) और शेख युसुफ (40) के रूप में हुई है। तीनों रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

सप्लायर और पूरे नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब आरोपियों से नशीली दवाओं के सप्लायर, खरीद के स्रोत और बिक्री नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here