कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 गुम मोबाइल बरामद; 25 लाख के फोन मालिकों को लौटाए

0
8
Nby

कबीरधाम गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में कबीरधाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर पुलिस थाना कबीरधाम की टीम ने तकनीकी मदद से 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों और वारिसानों को सौंप दिए गए।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। नागरिकों ने पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई के लिए आभार जताया।

CEIR पोर्टल से मोबाइल की हुई ट्रेसिंग

पुलिस के मुताबिक, मोबाइल गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मोबाइल के IMEI नंबर को CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज कर उसे ब्लॉक कराया गया।

इसके बाद साइबर पुलिस ने CEIR से मिलने वाली तकनीकी जानकारी और मोबाइल के दोबारा नेटवर्क पर सक्रिय होने की गतिविधि का विश्लेषण किया। जब गुम हुए मोबाइल में किसी दूसरे सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया या वह नेटवर्क पर दोबारा सक्रिय हुआ, तो उपलब्ध जानकारी के आधार पर मोबाइल नंबर और उसके इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की पहचान की गई।

IMEI, सिम और मोबाइल नंबर का मिलान

साइबर टीम ने मोबाइल की जानकारी जुटाने के साथ उसके IMEI नंबर, सिम कार्ड, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों या वारिसानों को विधिवत सौंपे गए।

मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।

मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें शिकायत

कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर बिना देरी किए संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखना भी जरूरी है। साथ ही CEIR पोर्टल के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने यह भी कहा है कि अगर गुम हुआ मोबाइल वापस मिल जाता है, तो इसकी जानकारी संबंधित थाने को जरूर दें। पुलिस के मुताबिक, तकनीक की मदद से नागरिकों की गुम हुई संपत्ति को वापस दिलाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here