
मेरठ उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने बैंक कर्मचारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और आकर्षक ऑफर का झांसा देकर लोगों से कार्ड की जानकारी और OTP हासिल करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों से NCRP पोर्टल पर 14 साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं।
क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का देते थे झांसा
जनपदीय साइबर सेल और सदर बाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवांश कुमार शर्मा और अर्जुन टांक को भैंसाली बस स्टैंड के पीछे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी क्रेडिट कार्ड धारकों का डेटा हासिल करने के बाद खुद को बैंक कर्मचारी बताकर फोन करते थे। बातचीत के दौरान वे कार्ड की लिमिट बढ़ाने या किसी खास ऑफर का फायदा दिलाने का लालच देते थे।
इसके बाद ग्राहकों के व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा जाता था। लिंक खोलकर जानकारी भरने के दौरान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी डिटेल और OTP आरोपियों तक पहुंच जाता था। पुलिस का कहना है कि इन जानकारियों का इस्तेमाल कर आरोपी कार्ड से ऑनलाइन खरीदारी करके ठगी करते थे।
10 मोबाइल और कार समेत सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड, दो NCMC प्रीपेड कार्ड और एक बलेनो कार बरामद की है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले के मुताबिक, NCRP पोर्टल की जांच में आरोपियों से जुड़े साइबर ठगी के 14 मामलों की शिकायतें अलग-अलग राज्यों से सामने आई हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां उनके नेटवर्क, ठगी के तरीके और अन्य संभावित मामलों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
बाइट: विनायक गोपाल भोंसले, एसपी सिटी, मेरठ

















