
नई दिल्ली विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इन दिनों भूटान की यात्रा पर हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने गुरुवार को भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान डॉ. जयशंकर ने भूटान को भारत में निर्मित 54 इलेक्ट्रिक वाहन सौंपे। यह कदम दोनों देशों के बीच सहयोग और भारत की ‘मेड इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाएं पहुंचाईं
प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे के साथ बातचीत के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भूटान की प्रगति और खुशहाली के लिए भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
भारत और भूटान के बीच लंबे समय से विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग जारी है और जयशंकर की यह यात्रा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है।















