पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया तीसरी बार पार करेंगे इंग्लिश चैनल, CM मोहन यादव से की मुलाकात

0
8

भोपाल अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग तैराक और पद्मश्री से सम्मानित सत्येंद्र सिंह लोहिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर अपने आगामी इंग्लिश चैनल अभियान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उन्हें अभियान के लिए शुभकामनाएं दीं और सफल प्रयास की कामना की।

19 सितंबर को लंदन रवाना होगी टीम

सत्येंद्र सिंह लोहिया 19 सितंबर 2026 को अपनी टीम के साथ दिल्ली से लंदन के लिए रवाना होंगे। मौसम और समुद्री परिस्थितियां अनुकूल रहने पर टीम 24 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच इंग्लिश चैनल पार करने का प्रयास करेगी। टीम के 6 अक्टूबर को भारत लौटने की योजना है।

मध्य प्रदेश की टीम में ग्वालियर के रामबरन पाल और भिंड के गजेंद्र सिंह टीम सदस्य के रूप में शामिल हैं, जबकि श्योपुर के मुजीब खान कोच की भूमिका निभाएंगे।

विक्रम पुरस्कार और पद्मश्री से हो चुके हैं सम्मानित

सत्येंद्र सिंह लोहिया को मध्य प्रदेश सरकार के प्रतिष्ठित विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2024 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके लोहिया के नाम करीब 40 राष्ट्रीय पदक हैं।

हाल ही में 12 फरवरी 2026 को उन्होंने न्यूजीलैंड के उत्तरी और दक्षिणी द्वीपों के बीच स्थित कुक स्ट्रेट को 9 घंटे 22 मिनट में पार किया था।

युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रेरित करना लक्ष्य

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान लोहिया ने कहा कि इंग्लिश चैनल पार करने का अभियान प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए उनका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने के साथ युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों को अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित करना भी है।

अब सभी की नजरें लोहिया के तीसरे इंग्लिश चैनल अभियान पर हैं, जो मौसम और समुद्री परिस्थितियां अनुकूल रहने पर 24 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here